सकलडीहा। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी है। 30 सितंबर से आंदोलन कर रहीं कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे नियमित सरकारी कार्यों में सहयोग नहीं करेंगी। इस संबंध में जिला महामंत्री मनोरमा सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा के अधीक्षक को पत्र सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया है।

कार्यकर्ताओं ने पत्र के माध्यम से कहा कि जब तक मुख्यमंत्री स्तर से उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। उनका कहना है कि मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।

15 दिन का समय बीतने के बाद भी नहीं हुई घोषणा
आशा कार्यकर्ताओं के अनुसार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के नोडल अधिकारी की ओर से उनकी मांगों पर विचार करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कोई ठोस घोषणा नहीं होने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। इसी के विरोध में उन्होंने लखनऊ के इको गार्डन में चल रहे प्रदेशव्यापी धरने के समर्थन में स्थानीय स्तर पर भी आंदोलन जारी रखा है।

टीकाकरण समेत नियमित स्वास्थ्य सेवाओं का करेंगी बहिष्कार
आंदोलनरत कार्यकर्ताओं ने बताया कि मांगें पूरी होने तक टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य सेवाओं, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, एएए बैठक, कम्युनिटी मीटिंग सहित अन्य नियमित सरकारी कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।
हालांकि, कार्यकर्ताओं ने मानवीय आधार पर प्रसव तथा जच्चा-बच्चा से जुड़ी आपातकालीन सेवाओं में सहयोग जारी रखने की बात कही है।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष कामिनी शर्मा, अध्यक्ष सविता देवी, उपाध्यक्ष गायत्री मौर्य, प्रेमा देवी, रेशमा देवी, सीमा सिंह, पुष्पलता, उमरावती, प्रतिमा और मानकी देवी, गीता देवी सहित बड़ी संख्या में आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।