सकलडीहा पुलिस ने नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाने वाले वांछित अभियुक्त अनुज कुमार को पटना से गिरफ्तार किया। पुलिस ने पहले ही पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया था।
सकलडीहा। नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में सकलडीहा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को बिहार के पटना जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
बीती 12 अगस्त 2026 को सकलडीहा थाना क्षेत्र के बिसुनपुर कला गांव से एक नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा (मु0अ0सं0 165/2026, धारा 137(2)/87 बीएनएस) दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना के महज 48 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग छात्रा को पटना बिहार से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।
सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना और पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी की पहचान अनुज कुमार (21 वर्ष) पुत्र कृष्णनंदन शाह, निवासी ग्राम बसनियाव, थाना गोखुलपुर, जिला नालंदा बिहार के रूप में हुई। आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
सर्विलांस टीम की मदद से उपनिरीक्षक अजय कुमार शर्मा, कांस्टेबल अभिषेक सिंह और देवेंद्र मौर्य की टीम ने 7 अक्टूबर 2026 को पटना के चौक थाना क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।
SC/ST एक्ट की धाराएं बढ़ीं
प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मामले में धारा 3(5)v SC/ST एक्ट की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।