चंदौली में शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के मद्देनजर 23 अक्टूबर को नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी परिषदीय, माध्यमिक और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में विशेष अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
चंदौली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को देखते हुए चंदौली जिले के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 23 अक्टूबर को विशेष अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, शुक्रवार को जिले के नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यालय बंद रहेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंदौली की ओर से 22 अक्टूबर को जारी आदेश में बताया गया है कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है। इसके मद्देनजर जिले में संचालित समस्त परिषदीय, माध्यमिक, मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
यह आदेश सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों पर भी लागू होगा। आदेश में संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि अवकाश संबंधी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।