एयर शो के मद्देनजर जिला विद्यालय निरीक्षक ने जारी किया आदेश, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर एवं नियामताबाद क्षेत्र के विद्यालयों पर लागू होगा निर्देश
चंदौली। भारतीय वायुसेना द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर एवं नियामताबाद क्षेत्र में 22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो का आयोजन किया जाना है। इस दौरान दर्शकों एवं आम जनमानस की अत्यधिक भीड़ एकत्रित होने की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों के आवागमन में संभावित कठिनाइयों के मद्देनजर जिला विद्यालय निरीक्षक चंदौली ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।
जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, जिलाधिकारी चंदौली के निर्देशों के अनुपालन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर एवं नियामताबाद क्षेत्र में स्थित विद्यालयों में 22 और 24 अक्टूबर 2026 को भौतिक पठन-पाठन स्थगित रहेगा। इन दोनों दिनों में विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी।
यह आदेश क्षेत्र में संचालित राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन मान्यता प्राप्त हाईस्कूल, इंटर कॉलेज तथा बालक-बालिका विद्यालयों पर लागू होगा। आदेश में यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड सहित समस्त बोर्डों के विद्यालयों को शामिल किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाचार्याओं को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
कार्यालय से जारी आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) चंदौली को आवश्यक कार्यवाही एवं सूचना के लिए प्रेषित की गई है।