चंदौली-शहाबगंज-चकिया मार्ग पर झाड़ियों के कारण हादसों का खतरा बढ़ गया है। खासकर रात के समय लाइट की रोशनी झाड़ियों में दबने और जानवरों के अचानक सामने आने से राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही है।
चंदौली। चंदौली से शहाबगंज होते हुए चकिया जाने वाले मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। रास्ते में झाड़-झंखाड़ इतने फैल चुके हैं कि इससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ये हैं कि सड़क के घुमावदार मोड़ों पर सामने से कौन सी गाड़ी आ रही है, इसका पता ही नहीं चलता, जिसके कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं घट रही हैं।
रात्रि में सफर करना सबसे ज्यादा खतरनाक
इस मार्ग पर सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना रात्रि के समय करना पड़ रहा है। रात में गाड़ियों की हेडलाइट की रोशनी घनी झाड़ियों से टकराकर बिखर जाती है, जिससे मोड़ों पर सामने का दृश्य लगभग शून्य हो जाता है। इसके अलावा अंधेरे में झाड़ियों में बैठे जानवर अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जो तेज रफ्तार वाहनों की लाइट में एकदम से दिखाई नहीं देते। इससे रात में यात्रा करने वाले बाइक और चार पहिया वाहन चालकों के साथ गंभीर हादसे होने की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
अंधे मोड़ों पर बढ़ रहा दुर्घटनाओं का अंदेशामार्ग पर सफर करने वाले लोगों का कहना है कि जहां-जहां सड़क घुमी हुई है, वहां झाड़ियां इतनी घनी हो चुकी हैं कि सामने का रास्ता पूरी तरह छिप जाता है। अचानक सामने से दूसरा वाहन आ जाने से चालकों को संभलने का मौका नहीं मिलता और गाड़ियां आपस में टकरा जाती हैं।
समय रहते सफाई न हुई तो बढ़ेगी मुश्किलें
स्थानीय लोगों और रोजाना सफर करने वालों का कहना है कि यदि समय रहते इन झाड़ियों को कटवाकर नष्ट नहीं किया गया तो और अधिक विकट हो जाएगी। जिससे सड़क और संकरी हो जाएगी।
क्षेत्रीय जनता और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर जल्द से जल्द झाड़ियों की कटाई और सफाई का काम कराया जाए, ताकि लोग रात और दिन में सुरक्षित आवागमन कर सकें।