बरहनी ब्लॉक स्थित सिकठा गांव में बंदरों, जंगली सूअरों और नीलगायों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। बच्चों-महिलाओं की सुरक्षा और फसलों को हो रहे नुकसान को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन व वन विभाग से कार्रवाई की मांग की है।
धीना। बरहनी ब्लॉक के सिकठा गांव सहित आसपास के दर्जनों गांवों में बंदरों, जंगली सूअरों और नीलगायों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवरों के कारण जहां बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है, वहीं किसानों की फसलें भी लगातार नुकसान झेल रही हैं।
सिकठा गांव निवासी महेंद्र बहादुर सिंह, पूर्व राज्य समन्वयक एवं सलाहकार और प्रगतिशील किसान ने गांव की समस्या से अवगत कराते हुए बताया कि सैकड़ों की संख्या में बंदरों के आतंक के चलते बच्चे और महिलाएं घरों में रहने को मजबूर हैं। उनके अनुसार बंदरों के हमले की आशंका बनी रहती है और कई महिलाएं इनके हमलों का शिकार भी हो चुकी हैं।
वहीं जंगली सूअरों और नीलगायों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव के आसपास बड़े आकार के जंगली सूअर झुंड में देखे जा रहे हैं। इनके चलते खेतों और फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही लोगों को इनके संभावित हमले का डर भी सता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से नीलगायों की बड़ी संख्या फसलों को नुकसान पहुंचा रही है।
इस तरह बंदरों, जंगली सूअरों और नीलगायों के कारण ग्रामीणों को सुरक्षा और खेती-किसानी, दोनों मोर्चों पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या के समाधान के लिए किसान नेता रतन कुमार सिंह, ग्राम प्रधान राजीव रंजन सिंह तथा ग्रामीण सच्चिदानंद सिंह, विनोद शंकर यादव, दीपक कुमार सिंह, सिंजेंद राय शास्त्री, नागेश्वर सिंह, जय प्रकाश सिंह, आदर्श कुमार सिंह, चंद्रजीत यादव और सुक्खू राम सहित अन्य लोगों ने प्रशासन एवं वन विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाकर उनकी फसलों और जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।