विश्व दृष्टि दिवस पर चंदौली पुलिस लाइन में कार्यक्रम का हुआ आयोजन। SP आकाश पटेल ने दृष्टिबाधित बच्चों से संवाद कर 'नेत्रदान महादान' का संदेश दिया।
चंदौली। विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में चंदौली पुलिस द्वारा एक संवेदनशील और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने 'अमर ज्योति सेवा केंद्र' रवैहेरा के दृष्टिबाधित बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
बच्चों ने पेश किया स्वागत गीत, SP ने जाना हुनर
कार्यक्रम की शुरुआत दृष्टिबाधित बच्चों द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत से हुई, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया। संवाद के दौरान बच्चों ने एसपी से कई बाल-सुलभ सवाल पूछे। एसपी ने बच्चों की रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जाना तथा कहा कि "दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।"
ब्रेल लिपि और शिक्षण पद्धति को समझा
पुलिस अधीक्षक ने अध्यापकों से संवाद कर बच्चों की ब्रेल लिपि, संगीत और विशेष शिक्षण पद्धति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को शिक्षा और सम्मान देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
"Love Your Eyes, Save Your Sight" और नेत्रदान का संदेश
एसपी आकाश पटेल ने "Love Your Eyes, Save Your Sight" की थीम पर नेत्र सुरक्षा पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आंखें ईश्वर का अनमोल उपहार हैं और 'नेत्रदान महादान' है, जिससे किसी जरूरतमंद के जीवन में नई रोशनी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को लंच पैकेट वितरित किए गए और उनके शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी और शिक्षक उपस्थित रहे।