चन्दौली12 घंटे में लूट कांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम सम्मानित, एसपी आकाश पटेल ने दिया 15 हजार का नकद पुरस्कार
जनसेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना का मात्र 12 घंटे में सफल खुलासा करने वाली विशिष्ट पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने ₹15,000 नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया है।

चंदौली। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने वाले पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सराहनीय कदम उठा रहा है। इसी क्रम में, जनपद के पुलिस अधीक्षक श्री आकाश पटेल ने हाल ही में हुए एक सनसनीखेज लूट कांड का चंद घंटों में पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को सम्मानित किया है।
गत 09 अक्टूबर की रात लगभग 10:30 बजे थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक लूट की वारदात हुई थी। इस चुनौतीपूर्ण घटना का चंदौली पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए 4 शातिर लुटेरों को धर दबोचा था और उनके कब्जे से भारी मात्रा में लूटी गई नकदी, वाहन व मोबाइल बरामद किए थे। इस उत्कृष्ट कार्य को अंजाम देने वाली विशिष्ट पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा कुल ₹15,000 (पन्द्रह हजार रुपये) नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।
इस घटना के खुलासे में अपनी सूझबूझ, अदम्य साहस और पेशेवर दक्षता का परिचय देने वाले उ0नि0 श्री अनिल यादव थाना अलीनगर, आरक्षी अनुपम जायसवाल थाना अलीनगर और आरक्षी राज मोहम्मद थाना अलीनगर को सम्मानित किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने सम्मानित होने वाली पुलिस टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि "इस प्रकार के उत्कृष्ट और त्वरित कार्य पुलिस बल की प्रतिबद्धता और आम जनता के प्रति हमारी जवाबदेही को दर्शाते हैं। कठिन परिस्थितियों में भी तत्परता से कार्य कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने वाली इस टीम का यह सम्मान अन्य पुलिस कर्मियों के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत बनेगा।"
चंदौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए पुलिस आगे भी इसी प्रकार पूरी निष्ठा और मुस्तैदी के साथ कार्य करती रहेगी।