कंदवा थाना क्षेत्र के सुढना गांव में रिश्तेदारी में आए बिहार निवासी 27 वर्षीय अख्तर अली की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कंदवा। थाना क्षेत्र के सुढना गांव में शनिवार को रिश्तेदारी में आए बिहार निवासी 27 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के विदामनचक गांव निवासी अख्तर अली (27 वर्ष), पुत्र शब्बीर, सुढना गांव में अपने रिश्तेदार अमजद अली पुत्र जमालुद्दीन के घर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह शौच के लिए गांव के बाहर स्थित तालाब की तरफ गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे तालाब में गिर गया। तालाब में अधिक पानी होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई।
काफी देर तक अख्तर के घर वापस नहीं लौटने पर रिश्तेदारों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए जब वे तालाब के पास पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर कंदवा थाना प्रभारी विनोद कुमार अंचल हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश कराई। काफी प्रयास के बाद अख्तर का शव बाहर निकाला गया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही रिश्तेदारों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।