चंदौली। जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत धरौली चौकी के पास नरहन-कोनिया मार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया।

​बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
​मिली जानकारी के अनुसार, कोनिया गांव निवासी अशोक राजभर (20 वर्ष), जीतू (25 वर्ष) और भूजना निवासी नथुनी (25 वर्ष) शनिवार की शाम एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाजार से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे नरहन-कोनिया मार्ग पर पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
​टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक दूर जाकर गिर पड़ी और तीनों युवक ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसे में नथुनी और अशोक की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक नथुनी कोनिया गांव में अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था।

​हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल जीतू को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

​आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
​घटना की जानकारी मिलते ही धरौली चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। देखते ही देखते घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे से उग्र हुए लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया।

​मौके पर मौजूद पुलिस बल आक्रोशित लोगों को शांत कराने और जाम खुलवाने का प्रयास करता रहा, लेकिन ग्रामीण उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।