चंदौली। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक पर्व विजयादशमी के मौके पर जनपद के ग्रामीण अंचलों में भी आस्था का सैलाब देखने को मिला। बरहनी सहित आसपास के विभिन्न गांवों में स्थापित भव्य दुर्गा पूजा पंडालों में मां के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से लेकर देर रात तक पंडालों में लोगों का तांता लगा रहा और भक्तों ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर मनवांछित फल की कामना की।

​बरहनी के बजरंग दल पंडाल में सजी मनमोहक झांकी
​बरहनी गांव स्थित दुर्गा पंडाल में इस वर्ष भी मां दुर्गा की अलौकिक प्रतिमा के साथ-साथ भगवान गणेश, कार्तिकेय तथा रिद्धि-सिद्धि की मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। बजरंग दल कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आयोजन के तहत युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

​कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि परंपरा के अनुसार सप्तमी तिथि को मां का पट दर्शन-पूजन के लिए खोल दिया जाता है, जिसके बाद से ही क्षेत्र में लगातार धार्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है। आगामी एकादशी के दिन गाजे-बाजे और पारंपरिक उल्लास के साथ मां की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

विधायक सुशील सिंह ने किया दर्शन-पूजन
​आस्था और उल्लास के इस पावन पर्व पर बरहनी पंडाल में पहुंचे सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने भी मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष मत्था टेका और क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। उनके साथ आए स्थानीय संभ्रांत लोगों और श्रद्धालुओं ने भी मां की अद्भुत झांकी के दर्शन किए।

​सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
​त्योहार के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल लगातार क्षेत्र में चक्रमण करता रहा, जिससे मेला और दर्शन का कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
​इस सफल आयोजन में कमेटी के निक्की त्रिपाठी, राजन सिंह, मंगल त्रिपाठी, प्रदीप, दयाशंकर सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।