धानापुर। जिले में आयोजित 'विकसित उत्तर प्रदेश' कार्यक्रम के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित नगर पालिका इंटर कॉलेज में भव्य सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में धानापुर स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की प्रतिभाशाली छात्रा सुप्रिया सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संपूर्ण जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। नेगुरा गांव निवासी विनय कुमार सिंह की सुपुत्री सुप्रिया की इस शानदार सफलता से उनके परिवार और विद्यालय का नाम रोशन हुआ है।

सुप्रिया की इस उपलब्धि पर अमर वीर इंटर कॉलेज परिसर में हर्ष और उल्लास का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शेखर सिंह ने सुप्रिया को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसी शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान में वृद्धि के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास का भी विकास होता है। प्रधानाचार्य ने अन्य छात्र-छात्राओं को भी इस प्रकार की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।