चंदौली। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिले के सभी मतदेय स्थलों पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दोनों निर्धारित तिथियों पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। यहां नागरिकों को फार्म-6 भरने और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में सहायता दी जाएगी।

आवेदन के साथ देने होंगे जरूरी दस्तावेज
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया की निगरानी की जा सके।
अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शिविरों की निगरानी करेंगे।

पात्र नागरिकों से आवेदन करने की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। यदि सूची में नाम दर्ज नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें। इससे पात्र नागरिकों को मताधिकार का लाभ मिल सकेगा।