चंदौली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार को चंदौली जनपद में मतदाता सूची में नए एवं छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम दर्ज कराने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की मौजूदगी में मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया संचालित की गई।

अभियान के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने लक्ष्मी पब्लिक स्कूल, मुगलसराय, नगर पालिका इंटर कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय, मानस नगर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रहे पंजीकरण कार्य का जायजा लेते हुए अभियान की प्रगति की जानकारी ली।

फॉर्म-6 भरकर नए मतदाताओं ने कराया पंजीकरण
विशेष अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और मतदाता सूची में अब तक नाम दर्ज नहीं करा पाए पात्र नागरिकों ने अपने संबंधित बूथों पर पहुंचकर पंजीकरण कराया। इस दौरान आवेदकों ने बूथ लेवल अधिकारियों से फॉर्म-6 प्राप्त कर उसे भरा और आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा किया।

अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर उपलब्ध कराना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

डीएम ने नागरिकों से की अपील
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विशेष अभियान के संचालन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में युवाओं और नागरिकों की भागीदारी सराहनीय है। उन्होंने अपील की कि जिन पात्र नागरिकों ने अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है, वे अन्य पात्र लोगों को भी जागरूक करें और उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।