चहनियां के व्यापारी रतन बरनवाल से लूट और मारपीट के मामले में अब तक गिरफ्तारी न होने से व्यापारियों में आक्रोश है। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी आकाश पटेल से मुलाकात कर जल्द खुलासे की मांग की।
चंदौली। चहनियां के व्यापारी रतन बरनवाल के साथ हुई मारपीट और 1.20 लाख रुपये की लूट मामले में पुलिस की हीलाहवाली से स्थानीय व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराज उद्योग व्यापार मंडल का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल से मिला। व्यापारियों ने घटना का जल्द से जल्द अनावरण कर पुलिसिया शिथिलता पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
एसपी कार्यालय पहुंचे जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने दोटूक शब्दों में कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर पूरी तरह गंभीर है, लेकिन बलुआ थाना पुलिस की सुस्ती के कारण अपराधी खुले घूम रहे हैं। घटना को बीते काफी समय हो चुका है, फिर भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं और लूट का कोई सुराग नहीं लग सका है। उन्होंने पुलिस प्रमुख से व्यापारी सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखते हुए त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने केवल लूटकांड ही नहीं, बल्कि व्यापारियों के साथ हो रहे अन्य उत्पीड़न के मामलों को भी प्रमुखता से उठाया। इस दौरान सैदूपुर के व्यापारी बजरंगी गुप्ता के 4 लाख रुपये के बकाये का मामला गूंजा। व्यापारियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बकाया राशि वापस कराने के मामले में सैदूपुर चौकी प्रभारी द्वारा लगातार टालमटोल और हीलाहवाली की जा रही है, जिससे पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मामले में त्वरित संज्ञान लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि चहनियां लूटकांड में शामिल अपराधियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बकाया रकम हड़पने और व्यापारियों को परेशान करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया।
एसपी से मिलने पहुंचे व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से अशोक केशरी, सतीश गुप्ता, बजरंगी गुप्ता, किशन बरनवाल, सोनू राजभर और कमल सिंह सहित कई प्रमुख व्यापारी नेता व सदस्य शामिल रहे।