धानापुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान को लेकर चंदौली जिले में यादव समाज के लोगों में नाराजगी देखने को मिली। बुधवार को धानापुर थाना क्षेत्र में यादव समाज के सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका और बयान पर नाराजगी जताई।

यह प्रदर्शन धानापुर थाना क्षेत्र के सीता पोखरी और गुरेहु गांव के सामने मुख्य मार्ग पर हुआ। यादव महासभा के प्रदेश सचिव राजीव यादव राजू के नेतृत्व में जुटे लोगों ने विरोध जताते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

दरअसल मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की मुद्रा, बांसुरी और धनुष को लेकर कथित तौर पर तुलनात्मक टिप्पणी की थी। इसी टिप्पणी को लेकर यादव समाज के लोगों ने आपत्ति जताई है।

यादव महासभा के प्रदेश सचिव राजीव यादव राजू ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण यादव समाज और उनके करोड़ों भक्तों की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। ऐसे में भगवान के स्वरूप और चरित्र को लेकर की गई टिप्पणी से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि संतों को अपनी मर्यादा का पालन करते हुए ऐसे बयान देने चाहिए, जो समाज को जोड़ने का काम करें, न कि लोगों के बीच विभाजन पैदा करें। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के कथित बयान को समाज को तोड़ने वाला बताया।

प्रदर्शन में इंद्रजीत यादव, रामू यादव, विकास यादव, राम रतन, दिनेश, सुजीत, छोटेलाल, संदीप और विनोद समेत यादव समाज के सैकड़ों लोग शामिल रहे।