बिहार के समस्तीपुर में पिकअप लूटने का विरोध करने पर चंदौली के खगवल गांव निवासी 26 वर्षीय अवनीश कुमार मौर्या की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से परिवार में कोहराम और गांव में शोक का माहौल है।
चंदौली। बिहार के समस्तीपुर जिले में बेखौफ बदमाशों ने पिकअप वाहन लूटने का विरोध करने पर चंदौली के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के खगवल गांव निवासी अवनीश कुमार मौर्या (26) के रूप में हुई है। वह पिकअप पर मिर्च लादकर बिहार जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने वाहन लूटने की कोशिश की। अवनीश ने विरोध किया तो उसे गोली मार दी गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वाहन लूटने का विरोध करना पड़ा भारी
मिली जानकारी के अनुसार, अवनीश कुमार मौर्या मधुपुर से पिकअप वाहन पर मिर्च लादकर बिहार के लिए निकला था। इसी दौरान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी पर बने पुल के पास सलखन्नी चौक के समीप बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि बदमाश पिकअप लूटने की फिराक में थे। उन्होंने वाहन लूटने का प्रयास किया, लेकिन अवनीश ने इसका विरोध कर दिया। इससे नाराज बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद इलाके में सनसनी
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की पहचान करने तथा वारदात से जुड़े पहलुओं की पड़ताल में जुटी है। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर दहशत का माहौल है।
खगवल गांव में पसरा मातम
उधर, चंदौली के खगवल गांव में जैसे ही अवनीश की मौत की खबर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। जिस युवक के घर लौटने का इंतजार था, उसकी मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर दिया। घर में चीख-पुकार मच गई और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।