सकलडीहा। विकास खंड सकलडीहा परिसर में आगामी 17 अक्टूबर को होने वाले 'मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह' आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। बीडीओ विजय कुमार सिंह और एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय के नेतृत्व में अधिकारी और कर्मचारी पात्रों के सत्यापन कार्य में जुट गए हैं।

​45 में से 2 आवेदन मिले अपात्र
​सामूहिक विवाह योजना के तहत ब्लॉक में कुल 45 जोड़ों के आवेदन प्राप्त हुए थे। प्राथमिक जांच के दौरान प्रथम चरण में दो आवेदनों को अपात्र पाए जाने पर खारिज कर दिया गया है। बीडीओ ने शेष बचे 43 आवेदनों की भौतिक व निष्पक्ष जांच के लिए पंचायत सचिवों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं।

​वधु के खाते में सीधे भेजे जाएंगे 75 हजार
​योजना के तहत मिलने वाली सहायता के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि ₹75,000 नकद: प्रत्येक कन्या के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाएंगे।
​10000 रूपये नवविवाहित जोड़ों को कपड़े, बर्तन व अन्य आवश्यक सामग्री के रूप में उपहार दिए जाएंगे और ​₹15000 प्रति विवाह का आयोजन व्यय विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।

​लापरवाही पर मिलेगी सजा
​खंड विकास अधिकारी (BDO) विजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि 17 अक्टूबर को ब्लॉक परिसर में भव्य तरीके से शादियां संपन्न कराई जाएंगी। लाभार्थियों का पारदर्शी सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए सभी सचिवों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि सत्यापन कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

तैयारियों की समीक्षा के दौरान एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय, एडीओ समाज कल्याण जगदीश यादव, अनिल सिंह, सचिव पवन दूबे, प्रिया मौर्या, शशिकांत भारती, अरविंद गौतम, संजय यादव, राम सिंह, त्रिलोकी सिंह, संदीप गौतम, अमित कुमार, विनय कुमार और रजनीश सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।