चंदौली। प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित ईको गार्डन में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को 23वें दिन भी जारी रहा। विजयदशमी के पावन पर्व पर CHO साथियों ने प्रदेश अध्यक्ष सनत सिंह के नेतृत्व में एक अनूठा एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी न्यायोचित मांगों की ओर आकर्षित किया।

प्रदर्शन के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने एक हाथ में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम और दूसरे हाथ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्र लेकर अपनी बात रखी। संघ ने स्पष्ट किया कि उनका यह आंदोलन किसी सरकार या व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं है, बल्कि अपने मौलिक अधिकारों, सेवा सुरक्षा, कैडर निर्माण और सुरक्षित भविष्य के लिए है।

असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है विजयदशमी
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सनत सिंह ने कहा कि विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की जीत का संदेश देता है। इसी पावन भावना के साथ CHO संवर्ग अपनी मांगों के समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संवेदनशील मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं CHO
संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की मुख्य भूमिका रहती है। उनके भविष्य की सुरक्षा और मांगों का निस्तारण न केवल कर्मचारियों के हित में होगा, बल्कि प्रदेश की संपूर्ण स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।

हमारा उद्देश्य विरोध नहीं, समाधान: संघ
संघ की ओर से जारी बयान में प्रमुख संदेश दिया गया कि— "हमारा उद्देश्य विरोध नहीं, समाधान है; टकराव नहीं, संवाद है; और हमारा संकल्प अपने अधिकारों के साथ उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना है।" संगठन ने उम्मीद जताई है कि शासन जल्द ही वार्ता के जरिए बीच का रास्ता निकालेगा।