कमालपुर। दीपावली केवल घर-आंगन को दीपों से रोशन करने का पर्व नहीं है, बल्कि अंतर्मन में व्याप्त अज्ञान, विकार और नकारात्मकता के अंधकार को मिटाकर ज्ञान, विवेक एवं सद्भावना का प्रकाश प्रज्वलित करने का महापर्व है। यह बातें सद्गुरु सदाफलदेव विहंगम योग संस्थान के युवा प्रचारक एवं योग प्रशिक्षक संतोष अग्रवाल ने दीपावली के पावन अवसर पर कहीं।
ved
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक दीपक स्वयं प्रज्वलित होकर चारों ओर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार मनुष्य को भी अपने जीवन में प्रेम, करुणा, त्याग और परोपकार का प्रकाश फैलाना चाहिए। ईर्ष्या, द्वेष, अहंकार और छल-कपट जैसे विकारों का त्याग कर अंतर्मन को निर्मल बनाना ही दीपोत्सव का वास्तविक आध्यात्मिक संदेश है।

संतोष अग्रवाल ने कहा कि दीपावली की सार्थकता केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का प्रकाश फैलाने, असहायों के चेहरों पर मुस्कान लाने और समाज में सद्भावना एवं मानवता को मजबूत बनाने में निहित है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि इस दीपावली पर अपने घरों के साथ-साथ हृदयों को भी प्रकाशित करें और समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में आशा, प्रेम एवं आनंद का संचार करें।

उन्होंने कहा कि जब मनुष्य के अंतर्मन में ज्ञान का दीप प्रज्वलित होगा, तभी जीवन में दिव्यता, समाज में सद्भावना और राष्ट्र में जागरण का प्रकाश फैलेगा।