धानापुर में राजन जी महाराज की श्रीराम कथा से पूर्व नरौली गंगा घाट से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। विधायक सुशील सिंह और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह सहित भारी संख्या में राम भक्त शामिल हुए।
धानापुर। कस्बा स्थित ऐतिहासिक विजयदशमी पोखरा पर आयोजित होने वाली भव्य श्रीराम कथा को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है। कथा के शुभारंभ से पूर्व नरौली गंगा घाट से एक विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवतियों और बच्चों ने भाग लिया।

अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन जी महाराज के मुखारविंद से दोपहर 2:00 बजे से श्रीराम कथा की अमृतवर्षा शुरू होगी। चंदौली जनपद में राजन जी महाराज का यह पहला कार्यक्रम है, जिसे लेकर राम भक्तों में खासा उल्लास देखने को मिल रहा है।
जनप्रतिनिधि परिवार संग हुए शामिल, बढ़ा उत्साह
नरौली गंगा घाट से शुरू हुई कलश यात्रा में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह अपनी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष किरण सिंह के साथ और धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह अपनी पत्नी मीरा सिंह के साथ शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों और उनके परिवारों की सहभागिता से कलश यात्रा में शामिल महिलाओं और स्थानीय लोगों का उत्साह दोगुना हो गया। यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सैयदराजा विधानसभा, पूरे चंदौली जिले और पूर्वांचल के कोने-कोने से आए राम भक्त भारी संख्या में मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं के कड़े इंतजाम
आयोजन को भव्य और सुचारू बनाने के लिए पिछले एक सप्ताह से विकास खंड के सफाई कर्मियों की टीम पोखरा और आसपास के रास्तों की साफ-सफाई में जुटी हुई थी। कलश यात्रा और कथा स्थल पर सुरक्षा के दृष्टिगत भारी संख्या में महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
कथा स्थल पर दूर-दराज से आने वाले राम भक्तों के लिए बैठने के लिए कुर्सियों, पीने के शुद्ध पेयजल और वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।