धानापुर। धानापुर क्षेत्र में अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान की शुरुआत की। रविवार दोपहर जिला अध्यक्ष श्रवण कुशवाहा के नेतृत्व में कस्बे के शहीद पार्क में अभियान का शुभारंभ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संगठन की सदस्यता लेकर मजदूरों और ग्रामीण गरीबों की लड़ाई को मजबूत करने की अपील की गई।

सदस्यता अभियान के दौरान बताया गया कि संगठन का आठवां राष्ट्रीय सम्मेलन आगामी 21 और 22 नवंबर 2026 को झारखंड के गिरिडीह जिले में शहीद महेंद्र सिंह नगर, सरिया बाजार, हजारीबाग रोड पर आयोजित होगा। सम्मेलन की तैयारियों के तहत चंदौली समेत विभिन्न क्षेत्रों में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है।

भाकपा माले नेता एवं जिला अध्यक्ष श्रवण कुशवाहा ने कहा कि संगठन गरीबों, किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। राष्ट्रीय सम्मेलन में इन मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी और सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष की रणनीति तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के मतदान अधिकारों से जुड़े एसआईआर पर रोक लगाने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग शामिल है। इसके साथ ही बुलडोजर राज के नाम पर दमन और विस्थापन बंद करने, लैंड राइट, हाउसिंग राइट और फुट राइट्स सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

संगठन ने चारों लेबर कोड वापस लेने, मजदूरों को सम्मानजनक मजदूरी देने तथा जी राम जी ग्राम जी योजना के तहत 200 दिन काम और 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी की गारंटी देने की मांग भी रखी। इसके अलावा आउटसोर्सिंग और संविदा व्यवस्था समाप्त करने, सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने, प्रवासी श्रमिकों को उचित मजदूरी देने तथा बटाईदारों और सिकमीदारों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर नवनीत सिंह, मुकेश दुबे, हरवंश बिंद, मंजू देवी, चिंता देवी, कौसिल्या देवी, राधेश्याम प्रजापति, रामप्यारे सैनी और जीरा देवी सहित कई लोग मौजूद रहे।