चंदौली के धानापुर मुख्य बाजार में चोरों ने घर को निशाना बनाकर 2 लाख नकद और लाखों के जेवर उड़ाए। पिछले हफ्ते की घटना का भी नहीं हुआ खुलासा।
धानापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के धानापुर कस्बे के मुख्य बाजार में चोरों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार की रात चोरों ने छत के रास्ते स्व. जितेंद्र सेठ के मकान में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे 2 लाख रुपये नकद तथा लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने पार कर दिए। घटना के वक्त घर में मृतक के बेटे और बेटी सो रहे थे।
सुबह करीब सात बजे बेटी मुस्कान की नींद खुली तो उसने अलमारी का ताला टूटा और सारा सामान बिखरा देखा। उसने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी। चोरी गए सामान में 2 लाख रुपये नकद (एलआईसी का पैसा), सोने के तीन लॉकेट वाला मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां और दो जोड़ी सोने के कान के झाले शामिल हैं। कुछ महीने पहले ही जितेंद्र सेठ का निधन हुआ था, जिससे परिवार सदमे से उबर नहीं पाया था कि इस घटना ने उन्हें और तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी, स्थानीय लोगों में रोष
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। पीड़ित के बेटे आशुतोष उर्फ कान्हा ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी की मांग की है।
इस दुस्साहसिक चोरी के बाद से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में भारी डर और असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि ठीक एक हफ्ते पहले भी इसी बाजार में एक महिला से दिनदहाड़े 45 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी गायब हो गई थी, जिसका पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पुलिस चोरों की तलाश और घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जल्द ही दोनों मामलों का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।