धानापुर ब्लॉक परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 41 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। विधायक सुशील सिंह ने नवदंपतियों को प्रमाणपत्र, उपहार और आशीर्वाद देकर सुखी जीवन की शुभकामनाएं दीं।
धानापुर। ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच 41 जोड़े विवाह बंधन में बंधकर एक-दूसरे के जीवनसाथी बने। समारोह के लिए परिसर में कुल 10 मंडप बनाए गए थे। आयोजन में नवविवाहित जोड़ों के परिजनों की मौजूदगी से माहौल खुशियों से भर गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने नवदंपतियों को विवाह प्रमाणपत्र, उपहार और आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में बड़ी राहत देने वाली पहल है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह की जिम्मेदारी निभाने में मदद मिलती है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक बताया।
योजना के तहत मिलती है आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के बैंक खाते में 64 हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान बताया गया। इसके अलावा 21 हजार रुपये की विवाह सामग्री उपलब्ध कराने और 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाने की जानकारी दी गई। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह के खर्च में सहायता उपलब्ध कराना है।
ब्लाक प्रमुख ने नवदंपतियों को दिया सुखी जीवन का संदेश
ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने वैवाहिक जीवन में प्रेम, विश्वास और सौहार्द बनाए रखें। उन्होंने नवदंपतियों को आपसी समझ और सहयोग के साथ जीवन की नई शुरुआत करने की सलाह दी।
समारोह में व्यवस्थाओं की भी सराहना हुई। आयोजन में शामिल वर-वधू के परिजन व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एडीओ समाज कल्याण सौरभ कुमार सिंह की भूमिका की विशेष प्रशंसा की गई।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्रा, प्रधान संघ अध्यक्ष राजेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप कुमार यादव ने किया।