धानापुर। किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धानापुर स्थित किसान बाजार में ग्राफ्टिंग तकनीक द्वारा सब्जियों में उद्यमिता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिवनंदम फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, खड़ान के तत्वावधान में भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (IIVR), वाराणसी के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विशेषज्ञ वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक सब्जी उत्पादन और ग्राफ्टिंग तकनीक की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में किसानों को बैंगन और टमाटर के लगभग 3000 ग्राफ्टेड पौधे निशुल्क वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी के विभागाध्यक्ष डॉ. अनंत बहादुर सिंह रहे। उनके साथ संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अनीश कुमार सिंह मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि विज्ञान केंद्र चंदौली के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी, मृदा वैज्ञानिक डॉ. चंदन सिंह और उद्यान वैज्ञानिक डॉ. मनीष सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवनंदम फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के निदेशक रमेश सिंह ने किया।

ग्राफ्टिंग तकनीक से डेढ़ से दो गुना तक उत्पादन की संभावना
मुख्य अतिथि डॉ. अनंत बहादुर सिंह ने किसानों को ग्राफ्टिंग तकनीक से सब्जियों की खेती करने के फायदे बताए। उन्होंने बताया कि ग्राफ्टिंग विधि में टमाटर, बैंगन और मिर्च जैसी सब्जियों के पौधों के ऊपरी हिस्से को मजबूत जड़ वाले जंगली पौधों के साथ जोड़कर तैयार किया जाता है। इससे पौधों की रोग प्रतिरोधक क्षमता और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलती है। सामान्य पौधों की तुलना में ग्राफ्टेड पौधों से डेढ़ से दो गुना तक उत्पादन प्राप्त करने की संभावना रहती है। साथ ही पौधों में लंबे समय तक फल आने की क्षमता भी रहती है।

उन्होंने किसानों को सब्जियों की उन्नत प्रजातियों, हाइब्रिड बीज तैयार करने की तकनीक, संतुलित उर्वरक एवं कीटनाशक प्रबंधन और निर्यात योग्य सब्जियों के उत्पादन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसान बाजार की मांग और गुणवत्ता को ध्यान में रखकर खेती करें, ताकि उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।
03
मिट्टी का सुधार और जल संरक्षण जरूरी : डॉ. नरेंद्र रघुवंशी
कृषि विज्ञान केंद्र चंदौली के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी ने किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि बेहतर उत्पादन के लिए मिट्टी की जांच, संतुलित पोषक तत्वों का उपयोग और वैज्ञानिक खेती जरूरी है।

वहीं कंपनी के निदेशक रमेश सिंह ने दलहन एवं तिलहन की खेती, जल संरक्षण और डीएसआर विधि से धान की सीधी बुवाई के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।

युवाओं को मशरूम और ग्राफ्टिंग का प्रशिक्षण देगा IIVR
संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अनीश कुमार सिंह ने बताया कि भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में मशरूम उत्पादन, ग्राफ्टेड पौधे तैयार करने और हाइब्रिड बीज उत्पादन से संबंधित प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। जो युवा और बेरोजगार स्वरोजगार शुरू करना चाहते हैं, वे संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि किसानों को वितरित किए गए ग्राफ्टेड पौधों की खेती का वैज्ञानिकों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। फसल में जरूरत के अनुसार उर्वरक, कीटनाशक और अन्य कृषि प्रबंधन संबंधी सलाह भी दी जाएगी।

एक ही पौधे पर टमाटर-बैंगन और आलू-टमाटर उगाने की तकनीक ने चौंकाया
कार्यक्रम में किसानों को ग्राफ्टिंग की विशेष तकनीकों का भी प्रदर्शन कराया गया। इसमें ऐसे पौधों की जानकारी दी गई, जिनमें एक ही पौधे के अलग-अलग हिस्सों पर टमाटर और बैंगन का उत्पादन संभव है। इसके अलावा ऐसे पौधों की तकनीक भी बताई गई, जिनमें जमीन के नीचे आलू और ऊपर बैंगन या टमाटर का उत्पादन किया जा सकता है। इन नवाचारों को देखकर किसान काफी उत्साहित नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान पांच किसानों को खेतों में प्रदर्शन (डेमो) के लिए विशेष पौधे भी दिए गए। इनमें रमेश मौर्य (भदाहू), रविकांत मौर्य (बभनियाव), रविकांत दुबे (आमादपुर), जीवानंद मौर्य (खड़ान), अनिरुद्ध दुबे (बभनियाव) एवं नौरंगी देवी (नरौली) को पौधे उपलब्ध कराए गए। वैज्ञानिकों की टीम इन किसानों के खेतों पर सब्जी उत्पादन की निगरानी करेगी और समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन देगी।

धानापुर के किसानों ने ग्राफ्टिंग तकनीक के क्षेत्र में कार्य कर रहे वैज्ञानिक डॉ. अनंत बहादुर सिंह को अपने बीच पाकर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में रमेश सिंह ने सभी अतिथियों, वैज्ञानिकों और किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सुजीत मिश्रा, अनिरुद्ध दुबे, हरिशंकर यादव, ओमप्रकाश सिंह, ओमप्रकाश राम, रवि प्रकाश मौर्य, रमेश मौर्य, शकुंतला देवी, नौरंगी देवी सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।