धानापुर। धानापुर कस्बे के कुसुम्ही रोड स्थित शिवनाथ इंटर कॉलेज के पास जय बजरंग दंगल कमेटी की ओर से अंतरराज्यीय कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में 500 रुपये से लेकर 51 हजार रुपये तक की इनामी कुश्तियां हुईं। इसमें चंदौली, गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र समेत कई जिलों से आए पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक जुटे रहे।
02
कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव हरदेव कुशवाहा और समाजवादी पार्टी पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. बीरेंद्र बिंद अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन रामधनी यादव ने किया।

दंगल की सबसे बड़ी और निर्णायक कुश्ती 51 हजार रुपये की रही। इसमें डांडी मुगलसराय के पहलवान सत्यपाल और बनारस के लालजी के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। वहीं, 30 हजार रुपये की कुश्ती में सोनभद्र के धर्मेंद्र और करमपुर के भीम आमने-सामने रहे।
03
इसके अलावा 25 हजार रुपये की दो कुश्तियां हुईं। पहली कुश्ती में बेलवानी के मंटू और सारनाथ के सुनील, जबकि दूसरी में महराजपुर के शमशेर और डांडी के अंकित ने जोर आजमाइश की। 20 हजार रुपये की कुश्ती में गजपत्ति के गोपी और लकड़ मूंगवा के पहलवान के बीच मुकाबला हुआ।

इसी क्रम में 15 हजार रुपये की कुश्ती करमपुर के विराट और रमरेपुर के रिशु के बीच हुई। 11 हजार रुपये की कुश्ती में सिकंदरपुर के उदय और नौपुरा के लालू ने दमखम दिखाया। वहीं, 10 हजार रुपये की दो कुश्तियों में नौपुरा के रोहन का मुकाबला सिगरा के प्रमोद से और नौपुरा के अविनाश का मुकाबला सिगरा के चंदन से हुआ।
04
इस अवसर पर विधायक सुशील सिंह ने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अखाड़े की बाउंड्रीवॉल बनवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की कुश्ती प्रतिभाओं को अपनी कला और ताकत दिखाने का बेहतर मंच मिलता है।

ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा ने बताया कि धानापुर ग्राम सभा में कई वर्षों से कुश्ती दंगल का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से क्षेत्रीय और बाहरी जिलों के पहलवानों के दांव-पेंच देखने का अवसर मिलता है। मुकाबलों के दौरान नगाड़ों की गूंज से पहलवानों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में जेपी रावत, प्रधान रामजी कुशवाहा, प्रधान वीरेंद्र यादव, डॉ. एमके बिंद, बांके सेठ, अखिलेश कुमार, बबली खान, राजन खान, गौतम चौरसिया, महेंद्र बिंद, बाबूलाल बिंद, आजाद खान, देवेंद्र यादव, डॉ. लालजी कुशवाहा, रमेश द्विवेदी, यशवंत मौर्य, श्रीपति सिंह यादव और विनोद बिंद प्रधान समेत हजारों लोग मौजूद रहे।