धानापुर थाना क्षेत्र के तोरवा रमरजाय में रविवार रात चोरों ने कंपोजिट अंग्रेजी शराब एवं बीयर की दुकान में सेंध लगाकर लाखों की नकदी और ब्रांडेड शराब चोरी कर ली। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
धानापुर। धानापुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोरों के बढ़ते हौसले से क्षेत्रीय लोगों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला तोरवा रमरजाय स्थित कंपोजिट अंग्रेजी शराब एवं बीयर की दुकान का है, जहां रविवार की रात चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये की नकदी समेत कई ब्रांडेड कंपनियों की शराब पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार, दुकान के मालिक मनोज कुमार सिंह को चोरी की घटना की जानकारी सोमवार की सुबह हुई। रोजाना की तरह जब उनके सेल्समैन दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने दुकान में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी नकदी के साथ महंगी ब्रांडेड शराब लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही दुकान मालिक को सूचना दी गई। चोरी की इस वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि धानापुर थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। आए दिन हो रही चोरी की वारदातों से लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
क्षेत्रीय लोगों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही पूर्व में हुई वारदातों का खुलासा करना भी जरूरी है, ताकि चोरों के मन में कानून का भय पैदा हो सके।
फिलहाल शराब की दुकान से चोरी हुई नकदी और शराब की कुल कीमत का आकलन किया जाना बाकी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच इस ताजा वारदात ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।