कमालपुर। स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। यह केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और चरित्र निर्माण की जीवनशैली है। यह बातें खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह ने एक दिवसीय स्काउट-गाइड बिगनर कोर्स के दौरान कहीं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में धानापुर ब्लॉक के 158 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही धानापुर ब्लॉक ने जनपद में सर्वाधिक शिक्षकों की सहभागिता दर्ज कराई।

जिला स्काउट मास्टर जयप्रकाश रावत, ब्लॉक स्काउट मास्टर मंगलदेव शर्मा और चकिया के ब्लॉक स्काउट मास्टर भानुप्रताप की देखरेख में आयोजित प्रशिक्षण में शिक्षकों को स्काउट-गाइड के नियमों, उद्देश्यों और व्यावहारिक गतिविधियों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला है। इसके माध्यम से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, आत्मनिर्भरता और विपरीत परिस्थितियों में सही निर्णय लेने का कौशल विकसित होता है। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और कौशल को विद्यालयों में व्यवहारिक रूप से लागू करने की अपील की, ताकि विद्यार्थी शिक्षा के साथ अच्छे नागरिक और समाज के प्रति जिम्मेदार व्यक्ति भी बन सकें।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को गांठ बांधने, ध्वज बांधने, ध्वजारोहण और ध्वज अवरोहण सहित स्काउट-गाइड की विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य शिक्षकों को दक्ष बनाकर विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और सामाजिक सेवा की भावना विकसित करना है।

प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी शिक्षकों को खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह ने प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में मंगलदेव शर्मा, प्रदीप सिंह, नत्थू यादव, मनीष सिंह, मनीष पाण्डेय, सुजीत पाण्डेय, प्रीति सिंह, रेखा यादव, ज्ञानचंद्र कांत, पंकज श्रीवास्तव, एआरपी जितेंद्र मौर्य, दिलीप कुमार, बिनु यादव, बृजेश सिंह, संतोष मौर्य, राजबहादुर यादव, कविता सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।