शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक खेल समारोह का समापन हुआ। मुख्य अतिथि प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विभिन्न दौड़ और गोला फेंक प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया।
धानापुर। धानापुर कस्बे में स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को दो दिवसीय वार्षिक खेल समारोह का भव्य समापन हुआ। समारोह के दूसरे दिन सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के मार्च-पास्ट से हुई। इसके बाद प्रोफेसर ध्रुव भूषण सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। एक खिलाड़ी ने हाथ में मशाल लेकर खेल मैदान का चक्कर लगाया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने ज्योति प्रज्वलित कर खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ की घोषणा की।
खेल समारोह के पहले दिन महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रिमझिम ने प्रथम, प्रीति ने द्वितीय और श्रेया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 200 मीटर दौड़ में रिमझिम प्रथम, प्रीति चौरसिया द्वितीय और सरिता तृतीय स्थान पर रहीं।
पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सौरभ गुप्ता ने प्रथम, ज्वाला यादव ने द्वितीय और सुजीत कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में ज्वाला यादव प्रथम, हिमांशु द्वितीय और आतिश तृतीय स्थान पर रहे। वहीं 1600 मीटर दौड़ में शुभम ने प्रथम, सौरभ गुप्ता ने द्वितीय और चंदन गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गोला फेंक प्रतियोगिता के महिला वर्ग में अंशिका प्रथम, पूजा द्वितीय और आफरीन अंसारी तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में ज्वाला यादव ने प्रथम, अंकित यादव ने द्वितीय और शुभम गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा शॉट पुट सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि, महाविद्यालय के प्राचार्य और प्राध्यापकों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। साथ ही प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों के खेल भावना और उत्साह की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।