धानापुर। विजय दशमी तालाब परिसर में उदयनाथ सिंह फाउंडेशन की ओर से आयोजित पांच दिवसीय श्रीराम कथा के तीसरे दिन गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन जी महाराज ने रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भक्तों को भक्ति, धर्म और भगवान की महिमा का संदेश दिया। कथा में पूर्व सांसद धनंजय सिंह और बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री जमा खान समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां शामिल हुईं।
Jama
भक्ति से सदैव युवा रहता है मन
कथा के दौरान राजन जी महाराज ने कहा कि जहां भगवान भोलेनाथ निवास करते हैं, वह स्थान अपने आप रमणीय हो जाता है। कैलाश पर्वत की सुंदरता केवल उसकी प्राकृतिक बनावट के कारण नहीं, बल्कि वहां भगवान शिव के निवास के कारण भी है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य का शरीर बूढ़ा हो सकता है, लेकिन मन कभी बूढ़ा नहीं होता। भजन और भक्ति मन को सदैव तरोताजा बनाए रखते हैं। भगवान निराकार हैं, लेकिन भक्तों के प्रेम और भाव से वशीभूत होकर साकार रूप में प्रकट हो जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भगवान शिव काशी में जीवों को तारक मंत्र के माध्यम से मुक्ति प्रदान करते हैं।

भगवान श्रीराम के अवतार के बताए अनेक कारण
श्रीराम कथा में माता पार्वती द्वारा भगवान श्रीराम के पृथ्वी पर प्रकट होने का कारण पूछने का प्रसंग सुनाया गया। राजन जी महाराज ने बताया कि जब धरती पर असुरों का अत्याचार बढ़ जाता है और देवता, गौ तथा ब्राह्मण दुखी होते हैं, तब भगवान धर्म की स्थापना और भक्तों के कष्ट दूर करने के लिए अवतार लेते हैं।

उन्होंने भगवान श्रीराम के प्राकट्य से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का वर्णन करते हुए जालंधर वध के बाद वृंदा के शाप, नारद जी के शाप, मनु और शतरूपा की कठोर तपस्या तथा राजा प्रतापभानु के प्रसंगों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान के अवतार के पीछे अनेक कारण और उनकी दिव्य लीलाएं होती हैं। मनु और शतरूपा ने कठिन तपस्या कर भगवान को पुत्र रूप में प्राप्त करने का वरदान मांगा था।

श्रीराम कथा के तीसरे दिन बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री जमा खान, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, किरण प्रभाकर, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, राज्यसभा सांसद साधना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, विधान परिषद सदस्य रिशु सिंह, राणा सिंह, सूर्यमुनी तिवारी, डॉ. आनंद प्रकाश तिवारी, पूर्व विधायक रविंद्र त्रिपाठी और पश्चिम बंगाल के कैबिनेट मंत्री अतुल सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति और श्रद्धा के साथ रामकथा का श्रवण करते नजर आए।