कमालपुर। विकासखंड धानापुर में विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित प्रतिभा खोज परीक्षा 2026 में तीन मेधावी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तीनों विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस परीक्षा का आयोजन यूपीएस धानापुर के प्रांगण में खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह की देखरेख में कराया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी शैक्षिक क्षमता का प्रदर्शन किया।

परीक्षा परिणाम में यूपीएस मिर्जापुर की कक्षा आठ की छात्रा श्रेया मौर्य ने 41 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं यूपीएस कादिराबाद की कक्षा आठ की छात्रा अंशिका कुमारी ने 40 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। यूपीएस धानापुर के कक्षा आठ के छात्र आशीष मौर्य ने भी 40 अंक हासिल कर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की।

तीनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से संबंधित विद्यालयों में खुशी का माहौल है। अब ये मेधावी विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड धानापुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षिक क्षमता की पहचान करने के साथ उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना और उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एआरपी डॉ. जितेंद्र मौर्य, रामनिवास दुबे, कमलेश प्रजापति, जैद खान, प्रदीप सिंह, इम्तियाज खान, इमरान खान, बृजेश सिंह, अवधेश सिंह गुड्डू, मोहम्मद हारिस, अजित यादव, मनीष यादव, अशोक पाल, प्रदीप शर्मा, राजेंद्र यादव और शिवेंद्र मिश्रा सहित अन्य लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।