धानापुर। कस्बे में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बौरहवा बाबा के पास स्थित एक श्रृंगार एवं गिफ्ट कॉर्नर की दुकान पर खरीदारी करने आई एक महिला के बैग से अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े 45 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी चुरा ली। पीड़िता ने घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई है।

पपरौल गांव निवासी अनीता चौरसिया अपनी बेटी के छेका कार्यक्रम से पहले धानापुर बाजार में खरीदारी करने आई थीं। वह अरविन्द श्रृंगार एवं गिफ्ट कॉर्नर पर सामान खरीद रही थीं, तभी एक सामान न मिलने पर अनीता अपना बैग वहीं छोड़कर पास की दूसरी दुकान पर चली गईं। जब वह वापस लौटीं, तो उनका बैग गायब मिला। बाजार की भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चोर बैग लेकर फरार हो गया था।

घटना के संबंध में धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की जल्द से जल्द पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा सके।