धानापुर।  धानापुर ब्लॉक के वर्दीसंडा पश्चिम बस्ती में नाली और सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 20 वर्षों से बस्ती में विकास कार्य नहीं हुए हैं। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दिवाकर रावण के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन को पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भी समर्थन दिया है। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करते हुए मांगें पूरी नहीं होने तक आर-पार की लड़ाई लड़ने की चेतावनी दी है।

बीमार व्यक्ति को चारपाई पर ले जाने की मजबूरी
भूख हड़ताल पर बैठीं कंचन देवी ने बस्ती की बदहाल स्थिति बयां करते हुए बताया कि यहां रास्तों की हालत इतनी खराब है कि किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर उसे चारपाई पर लादकर करीब एक किलोमीटर दूर तक ले जाना पड़ता है। नाली और खड़ंजा जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से नाली और सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।

तहसीलदार ने समझाने का किया प्रयास
ग्रामीणों के आंदोलन के बीच रविवार रात तहसीलदार मौके पर पहुंचे और भूख हड़ताल पर बैठे लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और उन्होंने आंदोलन समाप्त करने से इनकार कर दिया।

भूख हड़ताल में कंचन देवी, मालती देवी, परमशिला देवी, सुनीता देवी और दिवाकर रावण समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हैं। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक नाली और सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

ग्रामीणों की इस भूख हड़ताल से बस्ती में सड़क और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा सामने आया है। अब देखना होगा कि संबंधित प्रशासन ग्रामीणों की मांगों पर क्या कदम उठाता है और वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।