धानापुर। धीना थाना क्षेत्र के डिग्गी गांव के समीप धीना-अमड़ा मार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धानापुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी 50 वर्षीय वीरेंद्र राम अपने साथी 25 वर्षीय गोलू और 30 वर्षीय सुमित के साथ एक रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रविवार देर रात वे तीनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डिग्गी गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के वक्त क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रहे कांस्टेबल सच्चिदानंद त्रिपाठी और सुनील कुमार राय को घटना की जानकारी मिली। दोनों पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। उनकी सूझबूझ से घायलों को तुरंत बरहनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने वीरेंद्र राम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गोलू और सुमित की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से बाद में बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भेज दिया गया।

धीना थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश की जा रही है।