सकलडीहा। तहसील क्षेत्र के माटीगांव स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और खेल के मैदान में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खूब तालियां बटोरीं।

​प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि सकलडीहा उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी-अपनी खेल विधाओं में जोर-आज़माइश की। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से पूरा कॉलेज परिसर दिनभर उत्साह और उमंग से गूंजता रहा।

​प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
​
​समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम आकांक्षा सिंह ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत इस बात की है कि उन्हें सही समय पर उचित मंच और बेहतर अवसर प्रदान किए जाएं।
​उन्होंने आगे कहा खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी हैं, बल्कि इनसे छात्रों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का संचार होता है। आज ग्रामीण अंचल से निकलकर खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को अपनी क्षमताओं को निखारने का एक बेहतरीन माध्यम मिलता है।"

​कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और शिक्षकों ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, विभिन्न स्कूलों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रतिभागी खिलाड़ी और भारी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।