दुलहीपुर के पास सिक्स लेन सड़क पर डिवाइडर कट न होने से महिलाओं को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोहे की ऊंची रेलिंग लांघकर सड़क पार करने को मजबूर महिलाओं ने एक कट बनाए जाने की मांग की है।
चंदौली। करोड़ों की लागत से बनी चकाचौंध से भरी '
सिक्स लेन' सड़क का क्या फायदा, जब स्थानीय निवासियों को उसे पार करने के लिए रोज अपनी जान जोखिम में डालनी पड़े? दुलहीपुर के पास सड़क के बीचों-बीच लगी ऊंची लोहे की रेलिंग अब आम जनता, विशेषकर महिलाओं के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है।
बाजार, खरीदारी और रोजाना के घरेलू कामकाज के सिलसिले में दुलहीपुर आने-जाने वाली सैकड़ों महिलाओं को रोज इस सड़क पार करने के संकट से गुजरना पड़ रहा है। सड़क के दोनों किनारों के बीच कोई पैदल क्रॉसिंग न होने के कारण महिलाओं को लोहे की ऊंची रेलिंग को फांदकर या उसके नीचे से किसी तरह निकलकर सड़क पार करनी पड़ती है। तेजी से गुजरते वाहनों के बीच इस तरह रेलिंग लांघना किसी बड़े हादसे को आमंत्रण देने जैसा है।
हादसे का बना रहता है डर
स्थानीय लोगों और खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं का कहना है कि हर दिन सैकड़ों महिलाएं इस रास्ते का इस्तेमाल करती हैं। साड़ी और अन्य परिधानों में ऊंची रेलिंग पार करना न सिर्फ बेहद कठिन है, बल्कि असुरक्षित भी है। जरा सी चूक होने पर कोई भी महिला तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ सकती है।
क्षेत्रीय जनता और व्यापारियों ने प्रशासन के अधिकारियों से मांग की है कि दुलहीपुर के पास महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा के लिए सड़क के बीचों-बीच एक छोटा पैदल क्रॉसिंग की तत्काल व्यवस्था की जाए। यदि समय रहते यहाँ कट की व्यवस्था कर दी जाए, तो रोजाना जान जोखिम में डालने वाली इस समस्या से लोगों को राहत मिल सकेगी।