सकलडीहा। बीते दिनों कोतवाली गली के राजशाही मार्केट से मूर्ति विसर्जन के दौरान पुलिस की ओर से बच्चे सहित समिति के कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग करने का आरोप है। शुक्रवार को पूजा सेवा समिति के पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर से मिलकर पुलिस की ओर से बर्बरतापूर्वक बल प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कोतवाली गली के राजशाही मार्केट में पूजा सेवा समिति की ओर से बीते कई सालों से भव्य मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है। मूर्ति विसर्जन के दौरान भव्य झांकी निकाली जाती है। बीते दिनों मूर्ति विसर्जन के दौरान टिमिलपुर दुर्गा मंदिर के समीप पुलिस की ओर से बर्बरतापूर्वक लाठी चलाए जाने का आरोप है।

समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस की ओर से पीटे गए बच्चों और समिति के सदस्यों को लेकर मंत्री अनिल राजभर से मुलाकात की। इस दौरान पुलिस कार्रवाई की जांच कराए जाने की मांग को लेकर पत्रक सौंपा। मंत्री अनिल राजभर ने मामले की जांच कराकर दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस बाबत सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान कोई विवाद नहीं हुआ था। कोतवाली पुलिस की ओर से कुछ लोगों द्वारा मूर्ति विसर्जन के दौरान नाचने व विवाद करने पर पुलिस की ओर से हटाया गया था।

इस मौके पर अध्यक्ष आकाश मोदनवाल, सुनील रस्तोगी, आनंद सेठ, मुन्नू मोदनवाल, अजीत जायसवाल सहित अन्य मौजूद रहे।