चंदौली। निपुण भारत मिशन के सपनों को साकार करने और प्राथमिक स्तर पर बुनियादी शिक्षा की नीव मजबूत करने की दिशा में चंदौली सदर ब्लॉक ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सदर ब्लॉक में प्राथमिक शिक्षकों के लिए आयोजित 'मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान' (FLN) पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के सभी सात बैचों का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस वृहद प्रशिक्षण अभियान के तहत कुल 523 अध्यापकों को एफएलएन की मूल अवधारणाओं और कक्षा-कक्ष शिक्षण तकनीकों से सुसज्जित किया गया।

गतिविधि और अनुभवात्मक शिक्षण पर रहा विशेष जोर
समापन सत्र के दौरान जानकारी दी गई कि प्रशिक्षण को पारंपरिक ढर्रे से अलग रखते हुए गतिविधि, संवाद और अनुभवात्मक शिक्षण आधारित बनाया गया था। प्रशिक्षण का मुख्य ध्येय बच्चों में पठन-पाठन, समझ, लेखन क्षमता और बुनियादी गणितीय दक्षताओं को व्यावहारिक तरीके से विकसित करना है। एआरपी (ARP) टीम द्वारा शिक्षकों को बेहद सरल, सहज और रोचक गतिविधियों के माध्यम से एफएलएन की बारीकियों को समझाया गया, ताकि वे अपने-अपने विद्यालयों में बच्चों को खेल-खेल में सिखा सकें।
fnl 2मजबूत बुनियादी शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य का आधार:- कृष्ण गोपाल तिवारी
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सदर कृष्ण गोपाल तिवारी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। बीईओ ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहाकि मजबूत बुनियादी शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की असली आधारशिला है। शिक्षकों को जो व्यावहारिक गुर इस प्रशिक्षण में सिखाए गए हैं, उन्हें विद्यालयों के धरातल पर पूरी निष्ठा से लागू करना होगा ताकि ब्लॉक का हर बच्चा बुनियादी दक्षताओं में निपुण बन सके।"

एआरपी और विभागीय टीम का सराहनीय योगदान
सात बैचों के इस बड़े प्रशिक्षण अभियान को सफलता पूर्वक संचालित करने में एआरपी टीम के राजकुमार त्रिपाठी, हरगोविंद सिंह, वंदना वर्मा, प्रीतेश उपाध्याय, प्रवीण उपाध्याय तथा बीएसी हरीश रावत का विशेष और महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सदर ब्लॉक में 523 शिक्षकों का यह प्रशिक्षण पूर्ण होना निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षकों और प्रतिभागी शिक्षकों ने जिले को निपुण बनाने और हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण बुनियादी शिक्षा पहुँचाने का सामूहिक संकल्प लिया।