चंदौली। चंदौली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बलुआ थाना क्षेत्र के बाद अब सदर कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ़ बदमाशों ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। आधा दर्जन की संख्या में पहुंचे असलहाधारी बदमाशों ने एक जनसेवा केंद्र कर्मचारी को निशाना बनाते हुए जमकर मारपीट की और उससे करीब छह लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है।

देर रात घर लौटते समय बनाया निशाना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के बसिला गांव निवासी तंजीर अहमद पुत्र मुदीब अहमद ने बबुरी रोड पर  शुक्रवार देर रात वह जनसेवा केंद्र बंद करने के बाद जो पैसा कलेक्ट हुआ था उसे प्राइवेट फ्यूजन माइक्रोफाइनेंस बैंक में जमा करने जा रहे थे।
इसी दौरान, बबुरी रोड के समीप कार सवार आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने उनके पास मौजूद बैग छीनने का प्रयास किया। जब तंजीर अहमद ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने असलहे की बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाश उनके पास रखे बैग में मौजूद करीब छह लाख रुपये लूटकर मौके से फरार होने लगे।

पिलर से टकराई बदमाशों की कार, मोबाइल और कागजात बरामद
घटना के बाद पीड़ित तंजीर अहमद ने सूझबूझ दिखाते हुए बदमाशों का कुछ दूर तक पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाश हड़बड़ा गए और उनकी कार अनियंत्रित होकर एक पिलर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद बदमाश अपनी कार वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस को कार से बदमाशों के मोबाइल और कुछ जरूरी कागजात मिले हैं, जिनके आधार पर सुरागकशी की जा रही है।

पुलिस के सामने बढ़ी अपराधियों की चुनौती
चंदौली में कुछ ही दिनों के अंतराल पर हुई इन वारदातों (पहले बलुआ और अब सदर कोतवाली) ने पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी है। लगातार हो रही लूट की घटनाओं से पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र पर सवालिया निशान लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

सदर कोतवाली पुलिस का कहना है कि कार से मिले दस्तावेजों और मोबाइलों के जरिए बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।