हिनौता गांव में शंकर प्रसाद कन्नौजिया की पत्नी के निधन पर मृत्युभोज त्यागकर शांति पाठ का आयोजन किया गया। समाज को खर्चीली कुरीतियों को छोड़ माता-पिता की सेवा का संदेश दिया।
चंदौली। समाज में सदियों से चली आ रही
फिजूलखर्ची और '
मृत्युभोज' जैसी सामाजिक कुरीतियों को दरकिनार कर एक प्रेरक पहल सामने आई है। परगना महाइच के ग्राम हिनौता निवासी शंकर प्रसाद कन्नौजिया की धर्मपत्नी के देवलोकगमन के उपरांत परिजनों ने ब्रह्मभोज का आयोजन न करके शोक श्रद्धांजलि और शांति पाठ का आयोजन किया। इस सराहनीय कदम के जरिए पूरे समाज को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि दिखावे और फिजूलखर्ची के बजाय जीवित रहते माता-पिता की निस्वार्थ सेवा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
फिजूलखर्ची रोककर बुजुर्गों की सेवा में लगाएं संसाधन
अक्सर देखा जाता है कि सामाजिक दबाव और रूढ़िवादी परंपराओं के कारण लोग कर्ज लेकर भी मृत्युभोज का आयोजन करते हैं, जिससे कई परिवार आर्थिक संकट में फंस जाते हैं। इस रूढ़ि को तोड़ते हुए कन्नौजिया परिवार ने ब्रह्मभोज पर होने वाले अनावश्यक व्यय को पूरी तरह बंद कर दिया।
परिवार और गांव के प्रबुद्धजनों ने कहा कि दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सादगीपूर्ण श्रद्धांजलि सभा और ईश्वर की आराधना ही सर्वश्रेष्ठ मार्ग है। मृत्युभोज जैसी प्रथाओं पर पैसा बहाने से बेहतर है कि उस धन और संसाधनों का उपयोग माता-पिता के जीवित रहते उनकी उत्तम देखभाल, इलाज और सेवा में किया जाए।
समाज के लिए बनी अनुकरणीय पहल
कन्नौजिया परिवार द्वारा उठाये गए इस प्रगतिशील कदम की पूरे क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों और समाजसेवियों ने संकल्प लिया कि वे भी इस तरह की कुरीतियों से दूरी बनाएंगे और समाज को सही दिशा देने का प्रयास करेंगे।
इस श्रद्धांजलि और शांति पाठ कार्यक्रम में रमेश चंद्र, गोपाल शरण, गोविंद प्रसाद, संतोष कुमार, संजीत कुमार, राजेंद्र प्रसाद, राकेश कन्नौजिया, अरविंद सहित भारी संख्या में संभ्रांत नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की।