धानापुर। धानापुर थाना क्षेत्र के नोनारी गांव निवासी होमगार्ड गंगा दास मौर्य की रविवार सुबह करीब चार बजे अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे। घर से कुछ दूरी पर पहुंचते ही अचानक अचेत होकर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गंगा दास मौर्य होमगार्ड के रूप में सेवा देने के साथ ही अपने गांव कांधरपुर-नोनारी के ग्राम प्रधान भी रह चुके थे। उनकी अचानक मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

उनके परिवार में पत्नी लीलावती देवी, दो बेटे सत्येंद्र मौर्य और उपेंद्र मौर्य तथा दो बेटियां रेखा और रानी हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।