चंदौली। गंगा किनारे स्थित कटेसर और नमो घाट के आस-पास जल्द ही आसमान में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों का हैरतअंगेज करतब देखने को मिलेगा। इस बहुप्रतीक्षित और भव्य 'एयर शो' की सफलता तथा चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने प्रशासनिक अधिकारियों के भारी अमले के साथ कटेसर बधवा, डोमरी, बहादुरपुर तथा गंगा के तटीय इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।

अतिक्रमण हटाने व ट्रैफिक डायवर्जन के सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि नमो घाट और मुख्य आयोजन स्थल की ओर जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि वीआईपी और आम दर्शकों के आवागमन में कोई बाधा न उत्पन्न हो।

वहीं, एयर शो को देखने के लिए जुटने वाली भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए एसपी आकाश पटेल ने यातायात पुलिस को एक फुलप्रूफ ट्रैफिक और रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लागू करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रमुख चौराहों और घाट की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके अलावा वाहनों के सुगम ठहराव के लिए चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पानी व अन्य बुनियादी सुविधाएं जल्द पूरी की जा रही हैं। डीएम ने चेतावनी दी कि सुरक्षा और व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, एडीएम  राजेश कुमार, एएसपी विक्रम दहिया, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, डीपीआरओ अविनाश कुमार, एसडीएम (पीडीडीयू नगर), अधिशासी अधिकारी  तथा ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत सिविल व पुलिस प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।