कमालपुर। क्षेत्र के इनायतपुर गांव में सड़क पर कार मोड़ते समय अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गड्ढे में चला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कार में सवार चारों लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे।

घटना की जानकारी मिलते ही इनायतपुर के पूर्व ग्राम प्रधान एवं वरिष्ठ पत्रकार जलील अंसारी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कार को गड्ढे से बाहर निकालने की पहल की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से कार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कार के बाहर निकलने पर उसमें सवार चारों लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान जलील अंसारी की सक्रियता और ग्रामीणों के सहयोग की स्थानीय लोगों ने सराहना की। संकट की घड़ी में उन्होंने जिस तत्परता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया, वह आपसी सहयोग और मानवीय संवेदना की मिसाल बन गया।