कमालपुर। जय हिंद राष्ट्रीय पत्रकार संघटन की जिला इकाई चंदौली की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कमालपुर स्थित रस्तोगी लॉन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, विस्तार और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह शक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार राम मनोहर तिवारी ने किया।

बैठक की शुरुआत में उपस्थित पत्रकारों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह शक्ति का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद संगठन के उद्देश्यों और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई।

संगठन को ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने पर जोर
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह शक्ति ने कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ हैं। पत्रकारों की आवाज को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन का मजबूत होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी पत्रकारों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।
01
प्रदेश संयोजक जलील अंसारी ने कहा कि प्रदेश सहित चंदौली जिले में संगठन का लगातार विस्तार हो रहा है। आगामी दिनों में जिले की सभी तहसीलों में कार्यकारिणी का गठन कर अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता करने का आह्वान किया।

पत्रकारों की समस्याओं और सुरक्षा पर हुई चर्चा
बैठक में ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। पत्रकारों ने खबरों के संकलन के दौरान आने वाली चुनौतियों और कठिनाइयों से पदाधिकारियों को अवगत कराया। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए हर स्तर पर उनके साथ खड़ा रहेगा।

वरिष्ठ पत्रकार एवं कार्यक्रम संचालक राम मनोहर तिवारी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सदस्यता बढ़ाना नहीं, बल्कि पत्रकारों के बीच एकता, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना है।

नए सदस्यों को दिलाई गई सदस्यता
इस अवसर पर संगठन से जुड़ने वाले नए पत्रकारों का स्वागत किया गया और उन्हें संगठन की सदस्यता दिलाई गई। साथ ही संगठन के नियमों एवं उद्देश्यों की जानकारी भी दी गई।

अंत में जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में डॉ. अशोक कुमार मिश्रा, डॉ. जमीर अहमद खान, सत्येंद्र कुमार यादव, फखरे आलम, श्रीप्रकाश यादव, राजेश गुप्ता, बैरिस्टर यादव, दिवाकर राय, ओमकार यादव, आरएन सिंह, ज्ञानचंद सिंह, सेनापति मौर्य, प्रदीप गुप्ता, अख्तर अली, वकीलुर्रहमान, उदयराजभर, संजय प्रताप सिंह, अनिल कुमार वर्मा, चंद्रशेखर राजभर, मुकेश दुबे, विनोद गुप्ता, भोलेनाथ जायसवाल, मधुकर पाठक सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।