धीना थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में दिनदहाड़े चोरों ने सब्जी व्यवसायी संतोष मौर्या के घर की आलमारी तोड़कर दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
धीना। रूथानीय थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। चोरों ने एक सब्जी व्यवसायी के घर को निशाना बनाते हुए आलमारी तोड़कर उसमें रखे दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कमालपुर निवासी सब्जी व्यवसायी संतोष मौर्या मंगलवार को अपनी दुकान पर रोजाना की तरह व्यवसाय कर रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे वह दुकान बंद कर भोजन करने के लिए घर पहुंचे। घर के अंदर जाने पर आलमारी टूटी मिली। सामान बिखरा देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। जांच करने पर आलमारी में रखे दो लाख रुपये गायब मिले।
आशंका जताई जा रही है कि व्यवसायी की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोर घर में घुसे और आलमारी तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी पीड़ित ने तत्काल स्थानीय पुलिस चौकी को दी और लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदात का जल्द खुलासा करने की मांग की है।