कमालपुर। धानापुर ब्लॉक के नवागत खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अश्वनी सिंह का उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। ब्लॉक अध्यक्ष मंगल देव शर्मा के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधियों ने बीईओ को गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान ब्लॉक में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और परिषदीय विद्यालयों के सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
beo 2नवागत खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह का माला पहनाकर स्वागत करते शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष इमरान खान।
बैठक को संबोधित करते हुए नवागत बीईओ अश्वनी सिंह ने कहा कि बच्चे ही वास्तव में शिक्षा विभाग के असली ब्रांड एम्बेसडर हैं। किसी भी विद्यालय और समाज की असली पहचान बच्चों का ज्ञान, संस्कार और उनका आत्मविश्वास होता है। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर बच्चों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास करने पर विशेष ध्यान दें।

अनुभवी अधिकारी से शिक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा
शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष इमरान खान ने बताया कि बीईओ अश्वनी सिंह का आजमगढ़ के विभिन्न विकासखंडों में कार्य करने का लंबा और सफल अनुभव रहा है। उन्होंने परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक सुधार, यू-डायस प्लस प्रोफाइल फीडिंग और गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ अभियान चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में धानापुर की शिक्षा व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार होगा और उन्होंने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष मंगल देव शर्मा, उपाध्यक्ष इमरान खान, पंकज श्रीवास्तव, सुनील कुशवाहा, विंध्याचल प्रसाद, महामंत्री मनीष यादव, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार, संरक्षक अशोक कुमार पाल, ओमप्रकाश चौबे, जिला उपाध्यक्ष इरफान मंसूरी और मनोज यादव समेत कई शिक्षक उपस्थित रहे।