कमालपुर। मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर किसान परिवार की दो बेटियों ने प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जनपद चंदौली का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज कमालपुर की छात्रा पलक यादव और सोनी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी-अपनी स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया। दोनों छात्राओं ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी जगह बनाई है।

प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कक्षा 11 की छात्रा पलक यादव ने अंडर-17 वर्ग की लॉन्ग जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, सोनी यादव ने हाई जंप में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

दोनों छात्राएं बसगांवा गांव की निवासी हैं। पलक यादव किसान सुनील यादव की पुत्री हैं, जबकि सोनी यादव किसान सुभाष यादव की बेटी हैं। बेटियों की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। किसान परिवारों की इन बेटियों ने साबित कर दिया कि ग्रामीण परिवेश में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

कोच दुर्गविजय सिंह और सुधीर यादव ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों की सफलता नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम है। पलक यादव ने मंडलीय प्रतियोगिता में तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। वह दो वर्ष पूर्व रांची में आयोजित सब जूनियर प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं।

खेल शिक्षक अशोक कुमार और प्रिया सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की है। उचित प्रशिक्षण मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रामदेव सोनकर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण है। विद्यालय की दो छात्राओं ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर संस्थान का नाम रोशन किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोनों बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए विद्यालय परिवार हरसंभव सहयोग करेगा।

इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य दुर्गविजय सिंह, खेल शिक्षक अशोक कुमार, राजेश सिंह, राकेश सिंह, अजीत सिंह, मधु सिंह, रामविलास पांडेय, मनीष सिंह, आशीष यादव, उमेश कुमार, अरविंद वर्मा, सावन, अर्चना मौर्य, सपना मिश्रा, गोलू दुबे, चिंटू और सुनील यादव सहित अन्य लोगों ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।