कमालपुर स्थित रमरजाई रोड पर हेतमपुर रजवाहा की पुरानी पुलिया की सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त होने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
कमालपुर। स्थानीय कस्बे के रमरजाई रोड स्थित हेतमपुर रजवाहा पर बनी पुरानी पुलिया की बाहें क्षतिग्रस्त होकर गिर चुकी हैं। इससे पुलिया से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। पुलिया के दोनों तरफ गहरा रजवाहा होने के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, कस्बे से रमरजाई चट्टी तक जाने वाली पीडब्ल्यूडी की सात किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। वहीं, कस्बे से जमुर्खा गांव तक करीब 800 मीटर सड़क पर आरसीसी निर्माण और दोनों तरफ पक्की नाली बनाने का कार्य भी चल रहा है। निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की स्थिति में है। कस्बे के अंदर रजवाहा पर बनी पुलिया के ऊपर भी आरसीसी का कार्य पूरा कर दिया गया है।
हालांकि, काफी पुरानी और संकरी पुलिया की दोनों तरफ की सुरक्षा दीवारें (बाहें) क्षतिग्रस्त होकर गिर चुकी हैं। ऐसे में छोटे-बड़े वाहनों के साथ ही स्कूली बच्चों को भी यहां से गुजरने में परेशानी और खतरे का सामना करना पड़ रहा है। पुलिया के दोनों तरफ गहरा रजवाहा होने से थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह और शाम के समय पुलिया के आसपास ठेला-खोमचा लगाकर छोटे दुकानदार अपनी आजीविका चलाते हैं। क्षतिग्रस्त बाहों के किनारे खड़े होकर सामान खरीदने वाले लोग भी हमेशा दुर्घटना की आशंका से भयभीत रहते हैं।
इस संबंध में रामबदन, दीपू राय, नरसिंह अग्रहरि, सनोज, श्रीकुशवाहा, कन्हैया राम और मल्लू सहित अन्य स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने जनहित और राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिया की क्षतिग्रस्त बाहों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।