जनौली गांव में शुक्रवार रात चोरों ने किराना दुकान का दरवाजा तोड़कर करीब 20 हजार रुपये नकद और कीमती सामान चोरी कर लिया। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और हमले की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत है। व्यापार मंडल ने पुलिस अधीक्षक से जल्द खुलासे की मांग की है।
कमालपुर। धीना थाना क्षेत्र के कमालपुर चौकी अंतर्गत जनौली गांव में चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार की रात हुई इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही चोरी और आपराधिक घटनाओं के बावजूद पूर्व के मामलों का खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार कमालपुर निवासी मनोज अग्रहरि पुत्र केशव अग्रहरि की जनौली मोड़ पर किराना की दुकान है। गुरुवार की देर शाम वह रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए। शुक्रवार की सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का दरवाजा टूटा हुआ था और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर कैश बॉक्स में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद गायब मिले। इसके अलावा चोर कीमती किराना सामान भी उठा ले गए।
घटनास्थल के निरीक्षण से पता चला कि चोरों ने पहले दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद उन्होंने मजबूत बांस के सहारे छत पर चढ़कर सीढ़ी का दरवाजा तोड़ दिया और दुकान के अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष भोलेनाथ जायसवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और फोन के माध्यम से पुलिस को मामले की जानकारी दी।
लगातार घटनाओं से व्यापारियों में बढ़ रही चिंता
गौरतलब है कि कमालपुर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी तथा आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इससे पहले मेराज अंसारी की किराना दुकान का ताला तोड़कर चोर करीब 20 हजार रुपये ले गए थे। वहीं, महज एक सप्ताह पहले संतोष सब्जी विक्रेता के घर दिनदहाड़े चोरी कर करीब दो लाख रुपये पार कर दिए गए थे। इन घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
इसके अलावा करीब दो माह पूर्व दुकान बंद कर अपने घर जमूरखा जा रहे दुकानदार मारूफ रजा पर अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इस मामले में भी पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भोलेनाथ जायसवाल ने पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि चोरी की पूर्व की घटनाओं और व्यापारी पर हुए जानलेवा हमले का शीघ्र खुलासा किया जाए, साथ ही क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाकर व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में धीना थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।