कमालपुर में रामलीला के दौरान 'जयंत नेत्र भंग' प्रसंग का भावपूर्ण मंचन, श्रीराम के जयघोष से गूंजा परिसर।
कमालपुर। स्थानीय रामलीला परिसर में आयोजित रामलीला के दौरान सोमवार रात 'जयंत नेत्र भंग' प्रसंग का बेहद भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय और संवाद अदायगी से भगवान श्रीराम की महिमा, माता सीता के प्रति सम्मान और शरणागत वत्सल स्वभाव को जीवंत कर दिया। इस दौरान पूरा रामलीला परिसर 'जय श्रीराम' के जयघोष से गूंज उठा और दर्शक भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
रामायण के इस मर्मस्पर्शी प्रसंग का मंचन करते हुए दिखाया गया कि देवराज इंद्र के पुत्र जयंत ने कौए का रूप धारण कर माता सीता को चोंच मारकर भगवान श्रीराम की परीक्षा लेने का दुस्साहस किया। माता को पीड़ा पहुंचते देख मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने एक तिनके को ही ब्रह्मास्त्र के समान शक्तिशाली बनाकर उसके पीछे छोड़ दिया। प्रभु के बाण से प्राण बचाने के लिए जयंत तीनों लोकों में भटका, लेकिन उसे कहीं शरण नहीं मिली। अंततः अपनी भूल का अहसास होने पर वह क्षमा मांगते हुए भगवान श्रीराम की शरण में पहुंचा, जहां प्रभु ने उसकी करुणा कर उसे जीवनदान दिया।
इस प्रसंग के माध्यम से कलाकारों ने यह गहरा संदेश दिया कि अहंकार और दूसरों को कष्ट देने का परिणाम हमेशा बुरा होता है, जबकि अपनी गलती स्वीकार कर प्रभु की शरण में आने से हर संकट टल जाता है।
इस अवसर पर अध्यक्ष हरिवंश उपाध्याय, संजीवन मिश्रा, रविंद्र नाथ दुबे, गणेश अग्रहरि, संजय मिश्रा, संजय रस्तोगी, शिवम, प्रमोद रस्तोगी, अशोक अग्रहरि, राजेश मिश्रा, त्रिलोकी नाथ दुबे, शिव रस्तोगी, महेश अग्रहरि, हर्ष अग्रहरि, सौरभ दुबे और पप्पू दुबे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित रहे।